पलपल इंडिया प्रतिनिधि। MP के जबलपुर में बीते साल ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट केन्द्र ( GRC ) के साथ मिलकर सूर्या हॉफ मैराथन का आयोजन कराने वाली इवेंट्स मैनेजमेंट कपंनी द्वारा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी के संचालक ने फ्रॉड करते हुए जीआरसी को 54 लाख रुपये से अधिक का चूना लगा दिया है। मामले में जिले के गोरखपुर थाने में FIR कराई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट केन्द्र जबलपुर द्वारा बीते साल आयोजित सूर्या हॉफ मैराथन का आयोजन किया गया था। इसमें इवेंट्स मैनेजमेंट कंपनी सिने क्राफ्ट एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने अनुबंध किया था। कंपनी ने GRC के साथ आयोजन में एकत्रित की गई करीब 54 लाख रुपये की राशि हड़प ली है। यह राशि जीआरसी के खाते में जमा कराने के बजाय कंपनी के संचालक राहुल मिश्रा ने अन्य कंपनी के खाते में जमा कराई थी, लेकिन बाद में यह राशि जीआरसी के खाते में ट्रांसफर नहीं की गई है। जीआरसी के अधिकारियों की शिकायत पर गोरखपुर पुलिस ने कंपनी संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है।