पलपल इंडिया प्रतिनिधि। जबलपुर के महाराजपुर क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने 6 स्ट्रीट डॉग के पिल्लों को लाठियों से पीट-पीटकर सिर्फ इसलिए मार डाला, क्योंकि वे दिन-रात भौंककर उसे परेशान करते थे। बुधवार देर रात, डॉग लवर की शिकायत पर आधारताल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ग्वारीघाट निवासी अजीत सिंह आनंद ने पुलिस को कुछ वीडियो और फोटो भी सौंपे हैं, जिनमें स्ट्रीट डॉग के बच्चे मृत अवस्था में पड़े दिखाई दे रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सा विभाग के डॉक्टरों ने मृत श्वानों का पोस्टमॉर्टम कर रिपोर्ट पुलिस को सौंपी है
शिकायतकर्ता ने बताया कि महाराजपुर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वालों ने एक वॉट्सऐप ग्रुप बनाया है, जिसमें पिल्लों की मौत की फोटो शेयर की गई। साथ ही यह जानकारी भी दी गई कि कॉलोनी निवासी राजेश दहिया ने एक फीमेल डॉग के छह बच्चों को बेरहमी से लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला।
इसके बाद आरोपी राजेश दहिया ने नगर निगम कर्मचारियों को बुलाकर मरे हुए पिल्लों को फेंकने के लिए कहा। लेकिन स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया और निगम कर्मचारियों से शवों को छीन लिया। इसके बाद यह जानकारी डॉग लवर वॉट्सऐप ग्रुप पर शेयर की गई।
सूचना मिलते ही अजीत सिंह आनंद मौके पर पहुंचे और पशु चिकित्सा विभाग को जानकारी दी। डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमॉर्टम कर रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है। पुलिस ने राजेश दहिया के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब आनंद सेन, विकास सैनी, शुभम गुप्ता और विष्णु गुप्ता ने आरोपी राजेश दहिया के इस कृत्य का विरोध किया, तो उन्होंने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की। फिलहाल आधारताल थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।