बिहार के 7 लोगों ने मोटरबोट से किया प्रयागराज का सफर, 42 घंटे बाद पहुंचे महाकुंभ

By: PalPal India News
February 18, 2025

प्रयागराज. प्रयागराज में महाकुंभ के पावन अवसर पर देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भारी भीड़ के कारण ट्रेनों और बसों में जगह नहीं मिल रही, वहीं सड़कों पर भीषण जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच, बिहार के बक्सर के सात लोगों ने महाकुंभ पहुंचने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।

इन श्रद्धालुओं ने ट्रेन या बस का सहारा लेने के बजाय मोटरबोट से गंगा नदी के रास्ते प्रयागराज जाने का फैसला किया। लगभग 275 किलोमीटर का सफर इन्होंने 42 घंटे में पूरा किया और संगम पहुंचकर पुण्य की डुबकी लगाई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोटरबोट से आने-जाने में इन्हें लगभग 20,000 रुपये का खर्च आया। इन श्रद्धालुओं ने कुल 550 किलोमीटर की यात्रा पूरी की और दर्शन व गंगा स्नान के बाद वापस अपने घर लौट गए। सोशल मीडिया पर इनका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, और लोग उनके इस अनोखे सफर की खूब सराहना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *