पलपल इंडिया प्रतिनिधि। महाराष्ट्र के ठाणे में एक बुजुर्ग दंपती सुसाइड करने की योजना बना रहे थे। बुजुर्ग दंपती ने अपने रिश्तेदार को मोबाइल पर संदेश भेजकर बताया भी था जिसके बाद बुजुर्ग दंपती के भतीजे ने पुलिस को सूचना दी और उन्हें बचाने की अपील की ।
सुचना पाते ही ठाणे नगर निगम के आपात प्रक्रिया दल और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उस बुजुर्ग दंपति की जान बचा ली। महाराष्ट्र के ठाणे शहर में कासारवडवली पुलिस को दंपति के रिश्तेदार से बुधवार रात सूचना मिली कि दंपति घोडबंदर रोड पर वाघबिल इलाके में एक इमारत की सातवीं मंजिल पर स्थित अपने घर में आत्महत्या करने की योजना बना रहा है।
पुलिस, अग्निशमन विभाग एवं टीएमसी आपदा प्रकोष्ठ के कर्मी दंपति के अपार्टमेंट में पहुंचे तो वह अंदर से बंद था। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद बचावकर्मी पास के ‘फ्लैट’ की खिड़की से ‘अपार्टमेंट’ में पहुंचे और उन्होंने दंपति को आत्महत्या करने से रोक लिया।
पुलिस की पूछताछ में दंपति ने बताया कि 70 वर्षीय पुरुष और उनकी 65 वर्षीय पत्नी ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से परेशान होकर आत्महत्या करने का निर्णय लिया था। इसलिए उन्होंने अपने रिश्तेदार को मोबाइल पर संदेश भेजकर अपने इरादे की जानकारी भी दी थी।