शबाना आजमी लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से हुई सम्मानित, साथ में मिला 10 लाख…….

By: PalPal India News
March 10, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शबाना आजमी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस खास मौके पर जावेद अख्तर भी मौजूद थे।

बेंगलुरु में आयोजित 16वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कावेरी निवास पर दिग्गज भारतीय अभिनेत्री शबाना आजमी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। पुरस्कार के रूप में उन्हें 10 लाख रुपये का चेक भी दिया गया। इस खास मौके पर मशूहर कवि, गीतकार और शबाना आजमी के पति जावेद अख्तर भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने सोशल मीडिया पर शबाना और जावेद के साथ कुछ तस्वीरें भी शेयर की है जो छाई हुई हैं।

CM सिद्धारमैया ने शबाना आजमी की तारीफ

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शबाना आजमी के काम को याद करते हुए कहा, ‘हमें… मिले सुर मेरा तुम्हारा बहुत पसंद है। मैंने इसमें आपको देखा है। आप एक बेहतरीन एक्ट्रेस हैं।’ वहीं हिंदी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री शबाना आजमी और जावेद अख्तर ने कर्नाटक की समृद्ध सांस्कृतिक और संगीत विरासत की प्रशंसा की। जिसपर रिएक्ट करते हुए, मुख्यमंत्री ने इस बात पर कहा कि कर्नाटक भीमसेन जोशी, कुमार गंधर्व और गंगूबाई हंगल जैसे महान हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीतकारों का घर है, जो सभी धारवाड़ से हैं। बता दें कि 16वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन कर्नाटक सरकार के लिए कर्नाटक चलनचित्र अकादमी मे किया गया।

11 स्क्रीन पर 60 देशों की फिल्मों का हुआ प्रीमियर

16वें बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में ओरियन मॉल में पीवीआर सिनेमा के 11 स्क्रीन पर 60 देशों की 200 से अधिक फिल्में दिखाई गई। इस दौरान सरकारी सचिव कावेरी, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार केवी प्रभाकर और सूचना एवं जनसंपर्क आयुक्त हेमंत निंबालकर ने शबाना आज़मी और जावेद अख्तर का स्वागत किया। अतिरिक्त मुख्य सचिव एलके अतीक, कर्नाटक चलचित्र अकादमी के अध्यक्ष साधु कोकिला और 16वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की कलात्मक निदेशक विद्या शंकर भी मौजूद थे। इस महोत्सव में फिल्म निर्माता गुरु दत्त, राज कपूर और ऋत्विक घटक और लोकप्रिय कन्नड़ एक्टर के.एस. अश्वथ को श्रद्धांजलि दी गई।

शबाना आजमी का वर्कफ्रंट

इस बीच, शबाना आजमी के काम की बात करें तो उन्हें हाल ही में वेब सीरीज ‘डब्बा कार्टेल’ में देखा गया था जो नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *