पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार को छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा का दौरा कर रहे थे कि तभी एक महिला ने मुख्यमंत्री की कार रुकवा ली। यह देख सीएम अपनी कार से उतरे और पीड़ित महिला की समस्या सुनी। जिसके बाद पीड़ित महिला ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि उसके पति को जीभ का कैंसर है। महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि वो पिछले 6 माह से पति का इलाज करवा रही है। अब उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई है, घर में खाने को नहीं बचा है। पैसों के आभाव में पति का इलाज कराना संभव नहीं हो पा रहा है।
पीड़ित महिला की समस्या जानने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने महिला को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही पीड़ित महिला के पति का इलाज कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।