26 वर्षीय युवती ने बाथरूम में बच्चे को जन्म देकर घोंटा गला, कूड़े में फेंका नवजात का शव जाने पूरी खबर……..

By: PalPal India News
August 8, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। दिल्ली के पटेल नगर इलाके में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। एक घरेलू सहायिका ने अपने नवजात बच्चे की हत्या कर दी जिसे पुलिस ने  गिरफ्तार कर लिया है। 26 वर्षीय आरोपी महिला ने अपने नियोक्ता के घर के बाथरूम में बच्चे को जन्म देने के बाद उसका गला घोंट दिया और शव को कूड़े की थैली में भरकर फेंक दिया था।

जानकारी अनुसार यह मामला 28 जुलाई को तब सामने आया जब वेस्ट पटेल नगर में एक फ्लैट के पार्किंग एरिया में प्लास्टिक की थैली के अंदर नवजात बच्चे का शव मिला। पुलिस को इसकी सूचना मिलने के बाद जांच टीम मौके पर पहुंची। पूछताछ के दौरान, पुलिस को पता चला कि उत्तर प्रदेश के रायबरेली की रहने वाली रोशनी नाम की महिला ने हाल ही में एक बच्चे को जन्म दिया था, जो 2023 से इस घर में काम कर रही थी।

प्रेमी ने साथ देने से किया इंकार

पुलिस ने बताया कि महिला ने अपनी गर्भावस्था की बात परिवार से छिपाने के लिए दावा किया था कि उसे पेट फूलने की समस्या है। नवंबर 2024 में अपने गांव जाने के दौरान उसके एक पुरुष मित्र से शारीरिक संबंध बने थे, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई। जब महिला को अपनी गर्भावस्था का पता चला, तो उसने अपने प्रेमी को बताया, लेकिन उसने साथ देने से इंकार कर दिया। महिला की शादी 2019 में हुई थी, लेकिन 2021 में उसका तलाक हो गया था। जांच में सामने आया कि 26 जुलाई को जब मकान मालिक पार्टी के लिए बाहर गए हुए थे, रोशनी ने बाथरूम में बच्चे को जन्म दिया। सामाजिक लांछन और बदनामी के डर से उसने कपड़े से बच्चे का गला घोंट दिया। इसके बाद, उसने शव को एक प्लास्टिक की थैली में भरा और इमारत में कूड़ा फेंकने वाली जगह पर डाल दिया।

सफाईकर्मी को मिला शव

दो दिन बाद 28 जुलाई को एक सफाईकर्मी को कूड़ा बीनते समय यह शव मिला। मकान मालिक को सूचित किया गया, जिन्होंने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने रोशनी को मेडिकल जांच के लिए भेजा और पूछताछ शुरू की। 29 जुलाई को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में हुए पोस्टमार्टम में नवजात की गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने बताया कि कानूनी सलाह के बाद उसका बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज किया जाएगा। पुलिस उसके प्रेमी को भी पूछताछ के लिए बुलाएगी और जांच के आधार पर उसे भी गिरफ्तार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *