पलपल इंडिया प्रतिनिधि। यूपी के मथुरा से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। 2 दर्जन से अधिक बंदरों की एयर गन से गोली मारकर हत्या कर दी गई। धार्मिक नगरी में बंदरों की हत्या से लोगों में आक्रोश है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत बंदरों के शव कब्जे में लिए हैं। दरअसल यह मामला मथुरा के गोवर्धन गिरिराज पर्वत के पास गोविंद कुंड का है। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामला मथुरा से है। यहां गोवर्धन थाना क्षेत्र स्थित गिरिराज पर्वत किनारे गोविंद कुंड पर एक दर्जन से अधिक बंदरों की निर्मम हत्या कर दी गई है। यहां मृत पड़े बंदरों के शरीर पर एयर गन की गोली के जख्म मिले हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत बंदरों के शव कब्जे में कर पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं। हालांकि ग्रामीणों के मुताबिक, गोविंद कुंड के समीप जानकी दास आश्रम में रहने वाले विदेशी नागरिक ने बंदरों पर एयर गन से प्रहार कर हत्या की है। वहीं एसपी ग्रामीण त्रिगुण विसेन का कहना है कि बंदरों के शव कब्जे में लिए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारण स्पष्ट होने पर अग्रिम विधि कार्रवाई की जाएगी।