जबलपुर. जल गंगा संवर्द्धन अभियान अंतर्गत प्रस्फुटन ग्राम सोनपुर पिपरिया में जल संरक्षण के लिए जन सहभागिता एवं श्रमदान का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। जिसमें जिले की एक प्रमुख नदी परियट में जन सहयोग से लगभग 4 हजार बोरियों में रेत एवं मिट्टी को भरकर बांध तैयार किया गया। विगत 15 दिवस से श्रमदान एवं जन सहभागिता से चलाए जा रहे अभियान में आज जन अभियान परिषद के सलाहकार श्री शिवनारायण पटेल, संभाग समन्वयक श्री रवि प्रसाद बर्मन, जिला समन्वयक प्रदीप तिवारी ने सहभागिता की। उक्त बोरी बंधान से लगभग 400 मीटर दूर तक पांच से तीन फिट तक जल भराव हुआ है। सामाजिक सहयोग से जल संरक्षण का अनुपम एवं अनुकरणीय कार्य किया है।
श्रमदान के पूर्व आयोजित जन चौपाल एवं जल गोष्ठी में उपस्थित सलाहकार श्री शिवनारायण पटेल ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समुदाय की सहभागिता से जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किया गया। यह कार्य अनुकरणीय है, यह जीवन और संसार पंच महाभूतों से चलता है, जिसमें जल सबसे महत्वपूर्ण तत्व है। इसको बचाने का प्रत्येक जतन हम सभी को मिलकर करना चाहिए। जल गोष्ठी को संभाग समन्वयक एवं जिला समन्वयक ने भी संबोधित किया। जन अभियान परिषद के समन्वय में विकास खण्ड समन्वयक भारत महरोलिया एवं स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र साहू, पार्षद श्रीमति रजनी साहू,जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं, मेंटर्स, प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि, सामुदायिक नेतृत्व कार्यक्रम के समाज कार्य के छात्र छात्राओं की प्रमुख सहभागिता रही है।