पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर तहसील से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। अचानक आसमान से एक बम जैसी भारी धातु की वस्तु गिरने से हड़कंप मच गया।
यहाँ ठाकुर बाबा कॉलोनी में अचानक आसमान से एक बम जैसी भारी धातु की वस्तु मनोज सगर के मकान पर गिरी। शिक्षक मनोज सगर अपने दोनों बच्चों के साथ घर में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान घर की छत पर से गुजरे एक हेलीकॉप्टर से कोई पार्टीकल गिरा, जिससे मकान के आगे के दो कमरे, चौक आदि पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। बताया जा रहा है की यह भरी वस्तु हेलीकॉप्टर या एयरक्राफ्ट से गिरी, वह इलाके के ऊपर चक्कर लगाता देखा गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हेलीकॉप्टर या जेट किस संस्था का है। यह वायुसेना का है या किसी अन्य एजेंसी से जुड़ा हुआ है, ये अभी पता नहीं चल पाया है। घटना के वक्त मकान में चार लोग मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर तहसीलदार एसडीएम और एसडीओपी पुलिस टीम के साथ पहुंचे और हालात का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन ने इस रहस्यमयी वस्तु की जांच शुरू कर दी है। वहीं, लोगों के बीच इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों द्वारा इस घटना को पहलगाम में हुई घटना के बाद युद्ध से जोड़ने की बात भी कही जा रही है।
आपको बता दें कि ग्वालियर में एयरफोर्स का ट्रेनिंग सेंटर है जहां से अक्सर ट्रेनी एयरफोर्स सैनिक अपने प्रशिक्षण के लिए शिवपुरी जिले में भी प्रवेश करते हैं। सूत्रों की माने तो उन्हीं विमानों से कुछ गिरा और यह घटना हो गई। बताया भी जा रहा है कि जब यह घटना हुई तब विमान की आवाज आकाश से सुनी गई थी।