बहराइच की राइस मिल में लगी भीषण आग, दम घुटने से 5 मजदूरों की मौत

By: PalPal India News
April 25, 2025

बहराइच : जिले के दरगाह थाना क्षेत्र स्थित राजगढ़िया राइस मिल में मंगलवार को आग लगने की दर्दनाक घटना सामने आई है। आग के चलते मिल में धुआं भर गया, जिससे दम घुटने से 5 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त कई मजदूर मिल में काम कर रहे थे। अचानक आग भड़कने से पूरे परिसर में घना धुआं फैल गया, जिससे मजदूरों का दम घुटने लगा। सीएमएस डॉ. एमएम त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में कुल आठ लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से पांच की मौत हो चुकी है। तीन की हालत नाजुक है और उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

आग लगने की वजह का खुलासा नहीं
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं। प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए फैक्ट्री प्रबंधन से भी जवाब तलब किया है।

आग की घटनाओं में लगातार इज़ाफा
गौरतलब है कि बीते दिनों आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। 18 अप्रैल को मेरठ के भावनपुर क्षेत्र में एक फैन बॉक्स फैक्ट्री में आग लगने से चार कर्मचारी झुलस गए थे, जबकि 3 अप्रैल को मध्यप्रदेश के खंडवा में कुएं की सफाई के दौरान दम घुटने से 8 मजदूरों की जान चली गई थी। इस हादसे ने एक बार फिर से सुरक्षा मानकों और औद्योगिक परिसरों में फायर सेफ्टी उपायों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *