पलपल इंडिया प्रतिनिधि,लाल टिपारा। मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी गौशाला लाल टिपारा गौशाला में भीषण आग लगने की खबर सामने आ रही है. यहां 10000 से ज्यादा गौवंश मौजूद हैं. आग बुझाने का काम तेजी से जारी है. बताया जा रहा है आग टपरे की वजह से लगी है लेकिन पुख्ता जानकारी अभी सामने नहीं आयी है. हालांकि राहत इस बात की है कि अभी तक इस घटना में गौवंशों के नुकसान की खबर सामने नहीं आयी है. इस गौशाला का संचालन कुछ वर्ष पहले संतों को सौंपा गया था. तब से यह देश की सबसे आदर्श गौशाला बन गयी है. यह गौशाला देश की पहली आधुनिक और आत्म-निर्भर गौशाला है.
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि ग्वालियर के लाल टिपारा गौशाला में स्थानीय नगर निगम के सहयोग से दस हजार गायों की देखभाल की जा रही है. यहां गोबर से गैस बनाने वाला राज्य का अपने तरह का यह पहला संयंत्र स्थापित किया गया है. वैसे तो इंदौर में पहले से बायो सीएनजी प्लांट है, लेकिन वहां इसके लिए गीले कचरे का उपयोग किया जाता है. जबकि, यहां सिर्फ गोबर का उपयोग होगा, वह भी सिर्फ गौवंश के गोबर का. अधिकारियों का कहना है कि इस समय बायो सीएनजी की मांग सामान्य सीएनजी से ज्यादा है. क्योंकि बायो सीएनजी में 95 फीसदी मीथेन होता है, जबकि सामान्य सीएनजी में 90 फीसदी होता है. यही वजह है कि बायो सीएनजी से मिलने वाले वाहनों का माइलेज ज्यादा निकलता है.