पलपल इंडिया प्रतिनिधि। टीवी शो ‘अनुपमा’ के सेट पर भीषण आग लगने से फिल्म सिटी में सनसनी मच गई। राहत कार्य शुरू कर दिया गया है और मामले की जांच भी की जा रही है। बताया जा रहा है कि सेट पर मौजूद सभी लोग सुरक्षित है, लेकिन काफी नुकसान हुआ है।
आपको बता दे मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में आज सुबह उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला, जब मशहूर टीवी शो अनुपमा के सेट पर अचानक आग लग गई। यह घटना तड़के लगभग 5 बजे हुई, जब सेट पर मौजूद कुछ लोगों ने धुआं उठते देखा और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी कलाकार एवं क्रू मेंबर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल इलाके में कूलिंग ऑपरेशन जारी है, ताकि आग दोबारा न भड़के।
प्रशासन और पुलिस की टीम आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी। ‘अनुपमा’ एक लोकप्रिय टेलीविजन धारावाहिक है, जिसे रोजाना लाखों दर्शक देखते हैं। इस तरह की घटना से न केवल सेट को नुकसान पहुंचा है, बल्कि शूटिंग शेड्यूल भी प्रभावित हो सकता है। मेकर्स द्वारा आगे की योजना जल्द साझा किए जाने की संभावना है। इसी कड़ी में ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने जानकारी साझा की और लंबे चौड़े पोस्ट में सख्त जांच की मांग की है।