पत्नी को बचाने के प्रयास में एक पति की तालाब में डूबने से मौत,गाँव में पसरा मातम

By: PalPal India News
August 4, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिसतना जिले के उचेहरा थाना अंतर्गत परसमनिया चौकी के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया जहाँ पत्नी को बचाने के प्रयास में एक पति की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना रविवार को उस समय घटी जब राज बहादुर सिंह (32), पिता किशोर सिंह गोंड, निवासी परसमनिया अपने परिजनों के साथ पास के तालाब में नहाने गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज बहादुर के परिवार में कुछ दिन पूर्व एक बच्चे की मौत हो गई थी। इसी दुखद घटना के बाद परिवार के सभी सदस्य घर के पास स्थित तालाब पर स्नान के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान राज बहादुर की पत्नी अंजू तालाब में अचानक फिसलकर गहरे पानी में गिर गई। पत्नी को डूबता देख राज बहादुर ने बिना देर किए तालाब में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद पत्नी को बाहर निकालने में सफल भी रहा।

हालांकि, अंजू तो बच गई लेकिन राज बहादुर खुद गहरे पानी में फंस गया और डूब गया। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते और उसे बाहर निकालते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। परिजन आनन-फानन में राज बहादुर को लेकर उचेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *