जबलपुर में प्रेमी जोड़े ने किया सुसाइड, शव के पास मिली जहर की 3 शीशियां

By: PalPal India News
March 4, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर के सिहोरा थाना क्षेत्र के गांव दिनारी खमरिया में प्रेमी जोड़े ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव गांव के बाहर एक मैदान पर मिले, पास में ही जहर की तीन डिब्बी भी मौके से पुलिस को मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही सिहोरा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों ही शवों का पंचनामा करवाने के बाद पीएम के लिए सिहोरा सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों बाद युवती का विवाह होना था। संभवतः इसी बात से दुखी होकर दोनों ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।

जानकारी के मुताबिक दिनारी खमरिया गांव का रहने वाला मृतक अभिषेक पटेल का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि दोनों का कई सालों से लव अफेयर चल रहा था। इस बीच, युवती के परिवार वालों ने कहीं और उसकी शादी तय कर दी थी। इसी के चलते, युवती ने पहले तो अभिषेक को फोन करके गांव के बाहर बुलाया और फिर दोनों ने साथ में सल्फॉस खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस अब पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

एएसपी सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि अभिषेक पटेल और युवती के परिवार वालों से भी पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा, पुलिस यह भी पता कर रही है कि दोनों के दोस्त कौन है? वहीं, उन्होंने क्या आत्महत्या करने की जानकारी किसी से साझा की थी। फिलहाल सिहोरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *