पलपल इंडिया प्रतिनिधि: तीज पर्व के अवसर पर एक बड़ा हादसा होते होते रह गया। नदी घाट पर बड़ी संख्या में महिलाएं पूजा करने पहुंची थीं इसी बीच दो बच्चे अचानक फिसलकर बेल नदी में जा गिरे और तेज धारा में दूर तक बहने लगे।
दरअसल घटना बैतूल जिले के खेड़ली बाजार की बेल नदी घाट की है जहाँ घाट पर महिलाओं की भीड़ पूजन के लिए लगी थी। इसी दौरान ग्राम के सुरेश बामने की पत्नी किरण अपने नौ वर्षीय बेटे दिव्यांश के साथ पहुंची थी। नदी किनारे से दिव्यांश और उसके साथ हरीश बामने का चार वर्षीय बेटा यश गहरे पानी में डूबने लगे। इस दौरान एक बच्चे की मां किरण ब्राम्हणे ने साहस दिखाते हुए तुरंत नदी में छलांग लगा दी और बहादुरी के साथ दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मां की इस हिम्मत से दो मासूमों की जिंदगी बच सकी।