पलपल इंडिया प्रतिनिधि। नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के डोईया गांव में बदमाशों ने भूमि विवाद में गोली मार कर एक महिला की हत्या कर दी। मृतका की पहचान स्व सुनील प्रसाद की 60 वर्षीया पत्नी सुशीला देवी के रुप में हुई। जोकि पटना के पीएमसीएच में नर्स पद पर पदस्थापित थीं।
जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
सुशीला के बेटे सोनू कुमार ने बताया कि पिछले कुछ समय से साढ़े 4 बीघा भूमि का विवाद गोतिया से चल रहा है। शुक्रवार से ही चचेरे भाई नीलेश कुमार ने ‘गोली मारने’ की धमकी दिया था। शनिवार सुबह जब मां खेत में धान रोपनी देखने जा रही थी उसी वक्त पूर्व से घात लगाए लोगों ने सिर में गोली मार दी।
मौके से चार कारतूस बरामद
सदर डीएसपी टू संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा सूचना मिली थी कि सड़क किनारे बेहोशी की हालत में एक महिला पड़ी है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस मौके पर पहुंच कर आनन–फानन में उसे बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल लाई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम ने चार कारतूस बरामद की हैं। भूमि विवाद में चचेरे भाइयों सहित कुछ संदिग्धों के नाम बताया गया है। थानाध्यक्ष रजनीश कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों के हवाले कर दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।