नई दिल्ली: एयर इंडिया की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में एक बार फिर पेशाब कांड सामने आया है, जिससे विमान में यात्रियों की सुरक्षा और अनुशासन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यह घटना फ्लाइट AI 2336 में घटी, जो दिल्ली से बैंकॉक जा रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार, फ्लाइट के दौरान एक यात्री ने बिजनेस क्लास में सफर कर रहे दूसरे यात्री पर यूरिनेट कर दिया। बताया जा रहा है कि पीड़ित एक नामी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी हैं। आरोपी यात्री सीट 2D पर बैठा हुआ था।
घटना के बाद आरोपी ने पीड़ित से माफी मांग ली, और अभी तक पीड़ित की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। यह घटना फ्लाइट के बैंकॉक में लैंड करने से ठीक पहले हुई। गौरतलब है कि यह कोई पहली बार नहीं है जब एयर इंडिया की फ्लाइट में इस तरह की घटना सामने आई हो। इससे पहले भी कई बार फ्लाइट में यात्रियों द्वारा अनुशासनहीन व्यवहार, विशेषकर पेशाब जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे एयरलाइंस की छवि पर असर पड़ा है।