पलपल इंडिया प्रतिनिधि। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक भयानक हादसा हुआ है। यहां मिट्टी का टीला धंसने के कारण 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। हादसे में मृत लोगों में महिलाएं और दो किशोरी भी शामिल है। इनके अलावा इस हादसे में कई अन्य महिलाएं घायल भी हो गई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आपको बता दे ये पूरी घटना कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के टिकरडीह गांव का है। यहां मिट्टी निकालने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी का टीला अचानक धंस गया। इस हादसे की चपेट में आकर 2 किशोरियां समेत 5 महिलाओं की मौत हो गई। जबकि कई महिलाएं घायल हो गईं।
इस हादसे की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह मिट्टी हटाकर घायलों को बाहर निकाला। और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं। जबकि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।