पलपल इंडिया प्रतिनिधि। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां शनिवार सुबह एक यूपी पुलिस का सिपाही बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था. देखते ही देखते उसकी गर्दन पर चाइनीज मांझा फंस गया. थोड़ी दूर जाकर वह गिर गया. उसकी गर्दन से खून की धार बहने लगी. तुरंत साथी पुलिसकर्मियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, सिपाही काफी देर तक एक हाथ से मांझे को छुड़ाने का प्रयास करता रहा. गर्दन में मांझा फंसने के बाद सड़क पर गिरते ही उसकी गर्दन से फव्वारे की तरह खून निकलने लगा. साथी पुलिसकर्मी तुरंत उसे अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी.
मृतक सिपाही शाहरुख पहले खुदागंज थाने में तैनात था. जहां उसका स्थानीय लोगों से बेहद अच्छा व्यवहार था. उसकी मौत की खबर सुनकर खुदागंज से कई लोग शाहजहांपुर पहुंच गए. राजकीय मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी से जो भी पुलिसकर्मी बाहर आते, वे आंसू पोंछते हुए नजर आए. एसपी राजेश एस ने शाम को पोस्टमार्टम के बाद मृतक सिपाही को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी और परिवार को सांत्वना दी.
शव को अंतिम संस्कार के लिए अमरोहा ले जाया गया. घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने चाइनीज मांझा बेचने वालों की कड़ी आलोचना की. उद्योगपति विनय अग्रवाल ने भी अस्पताल पहुंचकर मामूली मुनाफे के लिए जानलेवा मांझा बेचने वालों की निंदा की. दुकानदारों ने पुलिस को सुझाव दिया कि वे गुप्त खरीदारी के जरिए चाइनीज मांझा बेचने वालों पर कार्रवाई करें, क्योंकि ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं.