बिजनौर में मंगेतर के सामने युवती से गैंगरेप, वीडियो वायरल करने पर चार आरोपी गिरफ्तार

By: PalPal India News
May 16, 2025

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और शर्मनाक मामला सामने आया है। 10 मई को एक 18 वर्षीय युवती के साथ उसके मंगेतर के सामने छह युवकों ने सामूहिक बलात्कार किया और घटना का अश्लील वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पीड़िता ने 14 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

घेर कर मंगेतर को बनाया बंधक, फिर किया गैंगरेप
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, जब वह अपने मंगेतर के साथ थी, तभी नितिन, लवीश, बाली, आशु, रॉबिन और बिट्टू नामक छह युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पहले मंगेतर को बंधक बनाया और फिर उसके सामने ही युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

तेज कार्रवाई: मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने लवीश और बाली को पहले हिरासत में लिया, जबकि प्रदेश से फरार हो रहे नितिन और आशु को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। इस दौरान नितिन के पैर में गोली लगी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को इनके पास से एक तमंचा और कुछ कारतूस भी बरामद हुए हैं।

दो आरोपी अब भी फरार
घटना में शामिल दो अन्य आरोपी, रॉबिन और बिट्टू अब भी फरार हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि इनकी गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि, “पीड़िता को न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और सभी दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।”

इलाके में आक्रोश, पीड़िता को सुरक्षा
इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों की मांग है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। पुलिस ने पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई है और उन्हें हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *