पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मामला जिले के बरेला थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहाँ एक व्यक्ति ने परिचित महिला को गांव तक छोड़ने का झांसा देकर अपनी कार में बैठाया और उसका अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
सूत्रों के अनुसार, सिवनी जिले के लखनादौन निवासी एक 29 वर्षीय महिला के बच्चे का स्वास्थ्य खराब था वह उसे उपचार के लिए जबलपुर लेकर आयी। 11 जून को बच्चे के उपचार के बाद वह अपनी सास के साथ गौर तिराहे पहुंची। जहां, वे लोग खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी गांव के रहने वाला विष्णु उर्फ विश्वनाथ कार लेकर पहुंचा। महिला को देखकर बातचीत करने लगा और सास से कहा कि वह भी गांव जा रहा है, उसे छोड़ देगा। वहीं महिला विष्णु के साथ कार में बैठकर गांव के लिए रवाना हुई। लेकिन विष्णु उसे गांव न ले जाकर गौर में एक मकान में ले गया। महिला ने पूछा तो कुछ देर आराम करने के बाद गांव के लिए जाने की बात कहा। फिर महिला जैसे ही मकान के अंदर गई तो उसने उसको कमरे में बंद कर लिया। उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी ने महिला को दो दिन तक बंधक बनाकर रखा। इधर, महिला के गांव न पहुंचने पर स्वजन ने गौर चौकी में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराया। 13 जून को महिला जैसे-तैसे छूटकर भागी। सीधे गौर चौकी पहुंचकर घटना के बारे में बताया। पुलिस ने शून्य पर मामला पंजीबद्ध कर केस डायरी भेज दी है। आरोपित विष्णु फरार है।