पुलिस की गाड़ी से युवक की मौत, शराब के शक में कर रही थी पीछा, गुस्साएं ग्रामीणों ने पुलिस वाहन में लगाई आग

By: PalPal India News
July 11, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन से एक ग्रामीण की मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा कर पुलिस के वाहन में आग लगा दी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और हंगामा करने लगे। मृतक की पहचान मेघास्थान गांव निवासी देवबली उर्फ बाबू चौधरी के रूप में की गई है। देवबली की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया। पथराव की घटना में 2 पुलिस कर्मी घायल हो गए। वहीं गुस्साए लोगों ने पुलिस वाहन को आग के हवाले कर दिया।

जानिये पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि देवबली गांव के ईंट भट्ठा के पास खड़ा था। तभी कोठी थाना पुलिस का पेट्रोलिंग वाहन वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर देवबली भागने लगा। पुलिस को सन्देह हुआ कि वह शराब लेकर जा रहा है। इसी दौरान पुलिस ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। भागने के क्रम में बाइक सवार देवबली असंतुलित होकर गिर गया। तभी उसका पीछा कर रही पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। इससे घटनास्थल पर ही देवबली की मौत हो गईं।  ग्रामीण विनय कुमार ने बताया कि पुलिस वाहन तेज रफ्तार में था। शराब का संदेह होने पर पुलिस ने पीछा करना शुरू कर दिया जबकि मृतक के पास से शराब भी बरामद नहीं हुआ है।

शराब कारोबार के शक था देवबली पर

कोठी थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि पुलिस शराब कारोबार के शक में देवबली का पीछा कर रही थी। चूंकि पुलिस को देख वह बाइक लेकर तेजी से भागने लगा तभी यह हादसा हुआ है। आक्रोशित ग्रामीणों की शांत कराया जा रहा है। वहीं पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *