पलपल इंडिया प्रतिनिधि। प्रसाद खाने के विवाद में युवक की तलवार से हमला करके हत्या करने की वारदात सामने आई है। इस घटना में 5 लोग गिरफ्तार हो गए हैं।
आपको बता दे प्रसाद खाने को लेकर विवाद होने के बाद एक युवक की घर में घुसकर हत्या कर दी गई है। हमलावरों ने युवक पर तलवार से हमला किया। इस दौरान युवक की मां और बहन ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन हमलावर नहीं माने और युवक को मौत के घाट उतार दिया।
बताया जाता है कि चैत्री नवरात्र के प्रसाद को लेकर विवाद तीन दिनों पहले शुरू हुआ था। जिसमें मृतक के साथ मोहल्ले के कुछ लड़कों ने मारपीट की थी। बीती रात मृतक अपने दरवाजे पर परिवार के लोगों के साथ बैठा था। इस दौरान प्रतिमा विसर्जन से लौटने के बाद आरोपित लड़कों ने मृतक अभिषेक के ऊपर तलवार से हमला कर दिया। मारपीट होता हुआ देख उसके परिजनों ने बचाने का प्रयास किया तो उनपर भी तलवार से हमला कर दिया गया। जिससे बचाने वाले दो युवक भी घायल हो गए। घटना के संबंध में मृतक के चाचा ने बताया कि प्रसाद को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मोहल्ले के कुछ लड़कों ने मेरे भतीजे के साथ मारपीट की। बीती रात दोबारा उन्हीं लोगों के द्वारा घर में घुसकर तलवार से हमला कर दिया गया। इससे उसकी मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित लोगों ने नगर थाना के हसन चौक के पास सड़क जाम कर हंगामा किया तो मौके पर सदर SDPO अमित कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर जाम हटाया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से नगर थाने में पूछताछ जारी है।
मृतक की पहचान लालबाग के रहने वाले अमरनाथ मंडल के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस ने घायल अभिषेक कुमार डीएमसीएच पहुंचाया था लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।