पलपल इंडिया प्रतिनिधि। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद कई लोग कानून को अपने हाथ में ले रहे हैं। इस बीच अब कर्नाटक के मंगलुरु जिले से हत्या की खबर सामने आई है। मंगलुरु में एक दिहाड़ी मजदूर की रविवार को क्रिकेट मैच के दौरान कथित तौर पर “पाकिस्तान समर्थक नारे” लगाने के आरोप में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
दरअसल पाकिस्तान समर्थक नारे लगाने के आरोप में जिस शख्स की लोगों ने हत्या की उसका नाम अशरफ है और वो केरला के वायनाड का रहने वाला था।इस मामले में अब तक पुलिस ने 20 लोगों को गिरफ्तार किया है, अन्य 5 की तलाश अभी जारी है। शुरुआती जांच में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि क्रिकेट मैच के दौरान अशरफ ने कथित तौर पर पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाया जिससे नाराज होकर 25 युवकों ने अशरफ को पीट पीटकर मार दिया।
मंगलुरु के कुडुपु में हुई मॉब लिंचिंग की घटना पर कर्नाटक के CM सिद्धारामैया ने मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही है। हालांकि, सिद्धारामैया ने ये भी कहा है कि जो कोई भी पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाता है, वह गलत है। यह देशद्रोह का कृत्य है।