पलपल इंडिया प्रतिनिधि। भारत के अभिषेक शर्मा ने अपने छोटे से करियर में ऐसा कमाल किया है जो रोहित शर्मा, युवराज सिंह, एमएस धोनी जैसे बैटर भी हासिल नहीं कर पाए. अभिषेक शर्मा दुनिया के नंबर-1 टी20 बैटर बन गए हैं. उन्होंने आईसीसी की ताजा रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया है. अभिषेक यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे भारतीय बैटर हैं. अभिषेक ने बुधवार को जारी रैकिंग में ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड को पीछे छोड़ दिया है. भारत के तिलक वर्मा तीसरे स्थान पर बने हुए हैं. सूर्यकुमार यादव टॉप-10 में तीसरे भारतीय हैं. वे छठे स्थान पर बने हुए हैं.
अभिषेक शर्मा का टी20 करियर अभी एक साल का ही है. उन्होंने पिछले साल 6 जुलाई को जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था. उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक बनाया था. इस एक साल में अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन किया और आईसीसी रैंकिंग में पहले नंबर के बैटर बन गए. 24 वर्षीय अभिषेक ने 17 टी20 इंटरनेशनल मैच में 2 शतकों की मदद से 535 रन बनाए हैं.
ट्रैविस हेड ने पिछले साल आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के दौरान सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ते हुए नंबर 1 रैंकिंग हासिल की थी. लेकिन इसके बाद उनका प्रदर्शन उतना खास नहीं रहा. हेड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में हुई टी20 सीरीज में नहीं खेलने का फैसला लिया. हेड को इसका नुकसान हुआ. अभिषेक शर्मा ने इसका फायदा उठाते हुए नंबर-1 की चोटी पर कब्जा कर लिया.