हैदराबाद. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद ने एक और धमाकेदार जीत दर्ज की। युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की विस्फोटक शतकीय पारी की बदौलत SRH ने पंजाब किंग्स को 8 विकेट से हराकर सीजन की दूसरी जीत अपने नाम की। खास बात ये रही कि हैदराबाद ने IPL इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य सफलतापूर्वक चेज़ किया।
मैच में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 245 रन बनाए। इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स की टीम ने 18.3 ओवर में 2 विकेट खोकर 247 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अभिषेक-हेड की तूफानी ओपनिंग पार्टनरशिप
सनराइजर्स की शुरुआत जबरदस्त रही। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने मिलकर पहले विकेट के लिए 171 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी की। हेड ने 37 गेंदों में 66 रन बनाए और आउट हो गए, लेकिन अभिषेक का बल्ला रुका नहीं।
सिर्फ 40 गेंदों में शतक
अभिषेक ने पहले 19 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की और फिर अगले 21 गेंदों में शतक पूरा किया। उन्होंने सिर्फ 40 गेंदों में अपना पहला आईपीएल शतक ठोका और SRH के लिए दूसरा सबसे तेज़ शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। इस मामले में पहले नंबर पर ट्रेविस हेड हैं, जिन्होंने 2024 में RCB के खिलाफ रिकॉर्ड बनाया था।
IPL में सबसे बड़ी भारतीय पारी
अभिषेक ने 55 गेंदों में 141 रन की ऐतिहासिक पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और 14 चौके शामिल थे। इसके साथ ही वे IPL इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में केएल राहुल (132 रन) को पीछे छोड़ दिया।