सौरव राजपूत हत्याकांड के बाद मेरठ में एक और पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, सांप काटने से मौत का रचा नाटक

By: PalPal India News
April 17, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिमेरठ सौरव राजपूत हत्याकांड की तरह मेरठ में एक और हत्याकांड की खबर सामने आई है। एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं पुलिस और परिवारवालों को गुमराह करने के लिए सांप काटने से मौत का नाटक किया लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने महिला की पोल खोलकर रख दी।

जानिये पूरा मामला क्या है?

दरअसल मामला मेरठ जिले के बहसूमा के गांव अकबरपुर सादात का है। यहाँ रविता नाम की महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति अमित का गला घोंटकर मार डाला। गुमराह करने के लिए हत्या के बाद पति की लाश के नीचे एक सांप रख दिया। पुलिस ने आशंका के कारण शव का पोस्टमार्टम करवाया तो सारी सच्चाई सामने आ गई। रिपोर्ट में पता चला कि सांप काटने से अमित की मौत नहीं हुई थी बल्कि गला घोंटने से वह मरा था। पोस्टमार्टम में सांप काटने का कोई निशान भी नहीं मिला।

प्रेमी-प्रेमिका ने कुबूल किया अपना जुर्म

रविता से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसके प्रेमी ने एक हजार रूपये में सपेरे से सांप खरीदकर लेकर आया था। पुलिस ने रविता और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला और अमित के तीन बच्चे हैं। अमित के गांव के ही एक युवक से रविता का प्रेम संबंध हो गया। रविता का प्रेमी टाइल्स लगाता था और अमित के घर आना-जाना था। जब अमित का प्रेम संबंध के बारे में पता चला तो दोनों के बीच लड़ाई होने लगी। रविता ने ही पति की मौत की साजिश रची। दोनों का प्लान था कि अमित की हत्या को सांप काटने से मौत दिखाना है। इसी तरह रविता के प्रेमी ने एक सपेरे से सांप खरीदा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *