पलपल इंडिया प्रतिनिधि। भीषण गर्मी के बाद अब पूरे मध्य प्रदेश पर मानसून छा गया है। इसके साथ ही विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की खबरें भी आने लगी हैं। नदी-नाले उफान पर हैं और लोगों को आवागमन में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट बरकरार रही।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, ऊपरी हवा का चक्रवात गुजरात में सौराष्ट्र व कच्छ के ऊपर 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से अरब सागर से आ रही नमी के कारण मंगलवार को दक्षिण पश्चिमी मप्र में इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास जिले के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ समय के लिए 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है।
इसके प्रभाव से विदिशा, रायसेन, सीहोर में भारी वर्षा होने की संभावना है। वही गुना अशोक नगर , ग्वालियर बहुत भारी वर्षा व श्योपुरकला, शिवपुरी में कही-कही अत्यंत भारी होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी शहर में भारी वर्षा का यलो अलर्ट है। शहर में मानसून पिछले चार दिन से मेहरबान बना हुआ है। रविवार को जहां सुबह के समय तेज वर्षा हुई, तो वहीं सोमवार को भी दोपहर व रात को हुई वर्षा ने गर्मी से राहत दिलाई।