नई दिल्ली. भारत द्वारा पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंकी ठिकानों पर की गई एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का तीखा बयान सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतिक्रिया देते हुए इस सैन्य कार्रवाई को “पाकिस्तान की जमीन पर कायराना हमला” करार दिया और भारत को करारा जवाब देने की चेतावनी दी।
शरीफ ने कहा, “यह हमला दरअसल पाकिस्तान पर थोपे गए युद्ध के समान है और पाकिस्तान को इसका मुंहतोड़ जवाब देने का पूरा हक है – और वो जवाब दिया जा रहा है।”
प्रधानमंत्री ने सेना और आम जनता का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि देश की सेना और नागरिक पूरी तरह एकजुट हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पाकिस्तान हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार है और दुश्मन के किसी भी नापाक मंसूबे को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
शरीफ के इस बयान के बाद पाकिस्तान के राजनीतिक और सैन्य हलकों में हलचल तेज हो गई है। गौरतलब है कि भारत ने यह एयरस्ट्राइक जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की थी। मंगलवार देर रात हुए इस ऑपरेशन में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया।
भारत ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई किसी युद्ध की शुरुआत नहीं बल्कि आतंकवाद के खिलाफ एक ठोस कदम थी, जिसका मकसद केवल आतंकी ढांचों को तबाह करना था।