पलपल इंडिया प्रतिनिधि। दूरसंचार विभाग के आदेश के बाद टेलीकॉम कंपनियों Airtel, Jio, BSNL और Vi ने इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिया है। टेलीकॉम कंपनियों ने इमरजेंसी के दौरान बॉर्डर एरिया में टेलीकॉम कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए इस प्रोटोकॉल को ऑन किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सभी टेलीकॉम कंपनियों ने राज्य और जिले स्तर पर इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (EOCs) को एक्टिव कर दिया है।यूजर्स को बेहतर कनेक्टिविटी मिलती रहेगी।
पिछले दिनों टेलीकॉम डिपार्टमेंट के डिजास्टर मैनेजमेंट विभाग ने टेलीकॉम ऑपरेटर्स को इमरजेंसी के दौरान बेस ट्रांसिवर स्टेशन (BTS) में स्मूथ ऑपरेशन को लेकर आदेश जारी किया था। टेलीकॉम कंपनियों को आदेश दिया गया था कि वो इंटरनेशनल बॉर्डर के 100 किलोमीटर के अंदर लोगों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी बनाए रखें।
दरअसल 7 मई को जारी आदेश में टेलीकॉम ऑपरेटर्स Airtel, Jio, BSNL और Vi को निर्बाध कनेक्टिविटी बनाए रखने और नेटवर्क संचालन की गारंटी के लिए एक-दूसरे के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया है। भारत द्वारा ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च करने के बाद हुई बैठक में टेलीकॉम कंपनियों को खास तौर पर बॉर्डर एरिया में विशेष ध्यान देने और बुनियादी ढांचे और प्रतिष्ठानों की एक अपडेटेड लिस्ट बनाने के लिए कहा है, ताकि आपात की स्थिति में उनकी सुरक्षा और निरंतर कार्यक्षमता सुनिश्चित की जा सके।
इंट्रा सर्किल रोमिंग को दूरसंचार कंपनियां इमरजेंसी की स्थिति में एक्टिव करते हैं, ताकि टेलीकॉम कनेक्टिविटी बाधित न हो। इंट्रा-सर्किल रोमिंग ऑन होने पर होम नेटवर्क नहीं होने पर आपदा के समय यूजर्स किसी भी टेलीकॉम ऑपरेटर का नेटवर्क इस्तेमाल करके अपने नंबर से कॉल कर सकते हैं।