आगरा: iPhone के लिए 10वीं-11वीं के छात्रों ने की 10 लाख की चेन लूट, 2.70 लाख में बेची

By: PalPal India News
July 13, 2025

आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां दो नाबालिग छात्रों ने महज iPhone खरीदने की चाह में एक कारोबारी से लाखों की सोने की चेन लूट ली। घटना शुक्रवार सुबह की है, जब ताजगंज इलाके के जोनल पार्क में मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यापारी को निशाना बनाया गया।

पीड़ित, आलू के थोक कारोबारी महेंद्र सिंह जब पार्क से बाहर निकले, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से लगभग 100 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। महेंद्र सिंह ने तुरंत शोर मचाया और पीछा भी किया, लेकिन आरोपी तेज़ रफ्तार में भाग निकले। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

CCTV से खुला राज, iPhone खरीदने जा रहे थे आरोपी

पुलिस ने घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें आरोपी बाइक पर आते और जाते हुए नज़र आए। बाइक के नंबर से उनकी पहचान हुई और पुलिस ने उन्हें उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वे लूटी गई रकम से iPhone खरीदने जा रहे थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 10वीं और 11वीं कक्षा के छात्र हैं और दोनों आपस में दोस्त हैं। उन्होंने पहले पार्क में आने वालों की रेकी की, फिर महेंद्र सिंह को मोटी सोने की चेन पहने देखकर उन्हें निशाना बनाया।

10 लाख की चेन मात्र 2.70 लाख में बेची

लूट के बाद दोनों छात्रों ने सोने की चेन को एक सुनार को सिर्फ ₹2.70 लाख में बेच दिया। अब पुलिस उस सुनार की भूमिका की भी जांच कर रही है कि क्या उसने जानबूझकर चोरी का माल खरीदा। पुलिस ने कहा कि दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *