आगरा: करणी सेना का शक्ति प्रदर्शन 12 अप्रैल को, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

By: PalPal India News
April 11, 2025

आगरा। 12 अप्रैल को राणा सांगा की जयंती के अवसर पर करणी सेना आगरा में एक बड़े शक्ति प्रदर्शन का आयोजन करने जा रही है। संगठन का दावा है कि इस कार्यक्रम में देशभर से करीब 3 लाख समर्थकों के शामिल होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम की तैयारियां ज़ोरों पर हैं — गांव-गांव जाकर लोगों को पीले चावल बांटे जा रहे हैं और ‘एक झंडा – एक डंडा’ लाने की अपील की जा रही है। करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत के अनुसार, यह आयोजन गैर-राजनीतिक होगा और मंच पर केवल राणा सांगा की प्रतिमा होगी। साथ ही करणी योद्धाओं का सम्मान भी किया जाएगा।

हालांकि, कार्यक्रम से पहले सोशल मीडिया पर डंडा, भाला, तलवार और लाइसेंसी हथियार लाने जैसे भड़काऊ संदेशों के वायरल होने के कारण पुलिस हाई अलर्ट पर है। सुरक्षा को लेकर आगरा पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस ने 1000 डंडे, 1200 हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर मंगवाए हैं, और पूरे कार्यक्रम के दौरान थ्री-लेयर सिक्योरिटी प्लान लागू किया जाएगा।

साथ ही, पुलिस की निगरानी सोशल मीडिया पर भी जारी है। भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं – अब तक 22 लोगों के घर नोटिस चस्पा किए गए हैं और कई अकाउंट्स को ब्लॉक कराया गया है। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के सांसद रामजीलाल सुमन द्वारा राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान से माहौल और गरमा गया है। बयान के बाद उनके घर पर हमला भी हो चुका है। इस मामले में ओकेंद राणा सहित कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *