पंचकूला में वायुसेना का जगुआर फाइटर जेट क्रैश, पायलट सुरक्षित

By: PalPal India News
March 8, 2025

पंचकूला। भारतीय वायुसेना का एक जगुआर लड़ाकू विमान शुक्रवार को हरियाणा के पंचकूला जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान अंबाला एयरबेस से नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था। वायुसेना ने पुष्टि की है कि पायलट सुरक्षित रूप से इजेक्ट करने में सफल रहा और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दुर्घटना पंचकूला के मोरनी इलाके में बालदवाला गांव के पास दोपहर करीब 3:45 बजे हुई। भारतीय वायुसेना के अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी संभावित कारण मानी जा रही है। घटनाक्रम के मुताबिक, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को आबादी वाले क्षेत्र से दूर मोड़कर सुरक्षित रूप से बाहर निकलने में सफलता पाई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पायलट की सहायता की और उन्हें पानी पिलाया।

वायुसेना के विशेषज्ञों की एक टीम दुर्घटना की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। पंचकूला जिले के रायपुररानी पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा पहाड़ी क्षेत्र में हुआ और स्थानीय पुलिस भी राहत कार्य में जुटी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान लड़खड़ाते हुए पेड़ों से टकराया और जंगल में एक खाई में गिर गया। टकराते ही विमान में आग लग गई और वह कई टुकड़ों में बिखर गया। इसके मलबे के टुकड़े दूर-दूर तक फैल गए। हरियाणा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को सुरक्षा कारणों से इलाके से दूर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *