Air India हादसा: अहमदाबाद प्लेन क्रैश का ब्लैक बॉक्स मिला, जांच में अहम प्रगति

By: PalPal India News
June 14, 2025

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया फ्लाइट AI-171 के भीषण हादसे के करीब 28 घंटे बाद विमान का ब्लैक बॉक्स यानी Digital Flight Data Recorder (DFDR) बरामद कर लिया गया है। Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) ने इसकी पुष्टि की है। ब्लैक बॉक्स उस हॉस्टल बिल्डिंग की छत पर मिला है, जिसमें विमान टकरा कर गिरा था। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि शुरुआत में जिस रिकॉर्डिंग डिवाइस की जानकारी सामने आई थी, वह ब्लैक बॉक्स नहीं थी। असली ब्लैक बॉक्स की अब पहचान हो गई है और डेटा विश्लेषण का कार्य शुरू कर दिया गया है।

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने X (ट्विटर) पर जानकारी दी कि ब्लैक बॉक्स मिलने से जांच में महत्वपूर्ण बढ़त मिलेगी। उन्होंने लिखा, “यह एक बड़ा कदम है, जो हादसे के कारणों को समझने में बेहद मददगार होगा।”

ब्लैक बॉक्स एक मजबूत, आग और विस्फोट-रोधी डिवाइस होती है, जिसमें विमान की उड़ान से जुड़ा डेटा और कॉकपिट में हुई बातचीत रिकॉर्ड होती है। यह आमतौर पर नारंगी या पीले रंग की होती है और विमान दुर्घटनाओं की जांच में सबसे महत्वपूर्ण सबूत मानी जाती है।

एयर इंडिया का यह विमान 12 जून को दोपहर 1:39 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से रनवे 23 से उड़ान भरा था। उड़ान के कुछ मिनट बाद ही पायलट ने “Mayday” कॉल दी, जो किसी गंभीर संकट का संकेत है। इसके कुछ समय बाद विमान का संपर्क टूट गया और विमान एयरपोर्ट के पास स्थित डॉक्टर्स हॉस्टल से टकरा गया।

इस भयावह दुर्घटना में 242 में से 241 लोगों की मौत हो गई, जिनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे। चमत्कारिक रूप से ब्रिटेन के नागरिक विश्वाशकुमार रमेश इस हादसे में जीवित बच गए। विमान के कैप्टन सुमीत सभरवाल एक अनुभवी लाइन ट्रेनिंग कैप्टन थे, जिनके पास 8,200 घंटे की उड़ान का अनुभव था। उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी विमान उड़ा रहे थे, जिनके पास 1,100 घंटे की उड़ान का अनुभव था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *