तेल अवीव. यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा इज़राइल के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर मिसाइल हमला किए जाने के बाद एयर इंडिया ने अपनी दिल्ली-तेल अवीव उड़ानों को अस्थायी रूप से डायवर्ट करने का निर्णय लिया है। यह फैसला यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 3 मई से 6 मई 2025 तक लागू रहेगा।
एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI139, जो दिल्ली से तेल अवीव जा रही थी, हमले की सूचना मिलने के बाद अबू धाबी की ओर डायवर्ट की गई। एयर इंडिया ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “बेन गुरियन एयरपोर्ट पर हुई एक घटना के चलते हमारी फ्लाइट AI139 को अबू धाबी डायवर्ट किया गया, जहां वह सुरक्षित रूप से लैंड कर गई है। विमान अब जल्द ही दिल्ली लौटेगा।”
एयरलाइन ने बताया कि अबू धाबी में मौजूद ग्राउंड स्टाफ यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है और उन्हें वैकल्पिक यात्रा विकल्प प्रदान किए जा रहे हैं।
एयर इंडिया ने यात्रियों को राहत देते हुए यह भी घोषणा की है कि जिनकी बुकिंग 3 से 6 मई के बीच की है, उन्हें टिकट रद्द करने या दोबारा बुक करने के लिए एक बार की फ्री छूट दी जा रही है। यात्री बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख में बदलाव कर सकते हैं या टिकट पूरी तरह रद्द कर सकते हैं।
कंपनी ने जोर देकर कहा, “हम अपने ग्राहकों और क्रू की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। हम सभी को यह भरोसा दिलाना चाहते हैं कि किसी भी परिस्थिति में सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।”