PoK में भारतीय एयर स्ट्राइक के बाद एयरस्पेस अलर्ट, Air India ने कई उड़ानें की रद्द

By: PalPal India News
May 7, 2025

नई दिल्ली. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब देते हुए भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में जबरदस्त एयर स्ट्राइक की। इस संयुक्त सैन्य कार्रवाई में थल सेना, वायुसेना और नौसेना ने मिलकर जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों के 9 ठिकानों को सफलतापूर्वक ध्वस्त कर दिया।

सूत्रों के अनुसार, यह ऑपरेशन बेहद गोपनीय और सटीक योजना के तहत अंजाम दिया गया। उन सभी स्थानों को निशाना बनाया गया जहां आतंकियों को प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे थे। मिशन के बाद भारतीय वायुसेना के सभी विमानों ने सुरक्षित वापसी की।

हाई अलर्ट पर भारतीय एयरस्पेस

इस ऑपरेशन के बाद भारत के कई हिस्सों में एयरस्पेस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संभावित सुरक्षा खतरों को देखते हुए एयर इंडिया ने कई अहम शहरों के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से रद्द कर दी हैं। एयरलाइन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट से आने-जाने वाली सभी उड़ानें 7 मई दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई हैं।

दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें दिल्ली डायवर्ट- सुरक्षा इंतज़ामों के तहत अमृतसर की ओर जा रही दो अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स को दिल्ली एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया है। एयर इंडिया ने यात्रियों से हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा है कि परिस्थितियों पर नज़र रखी जा रही है और आगे की जानकारी समय पर साझा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *