पलपल इंडिया प्रतिनिधि। कर्नाटक के बेंगलुरु में भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें एक की मौत हो गई और 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक एंबुलेंस चालक ने सबसे पहले दे ठेलों में टक्कर मारी और भगाने के क्रम में ऑटो, स्कूटर और पैदल यात्री को भी टक्कर मार दी। बेंगलुरु शहर के विल्सन गार्डन इलाके में एक तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने 7 लोगों को टक्कर मार दी जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। 6 लोग बुरी तरह घायल हुए हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस की विज्ञप्ति के अनुसार गुरुवार सुबह लगभग साढ़े 8 बजे विल्सन गार्डन थाना क्षेत्र के बीटीएस रोड पर संजीविनी एम्बुलेंस चालक चिरंजीव, एम्बुलेंस को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। इस दौरान एंबुलेंस ने दो ठेला, एक ऑटो, एक स्कूटर और एक पैदल यात्री को टक्कर मार दी। इस हादसे में 49 वर्षीय ठेला चालक रमेश की मृत्यु हो गई और बाकी 6 अन्य घायल हो गए।
घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने एंबुलेंस चालक चिरंजीव को पकड़ लिया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक लोगों ने जमकर एंबुलेंस चालक की पिटाई कर दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से निकाला और फिर उसे थाने लेकर आई। फिलहाल इस हादसे में घायल लोगों का अस्पताल में इलाज में चल रहा है। पूछताछ में चिरंजीव ने बताया कि एम्बुलेंस का ब्रेक फेल हो जाने के वजह से ये हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।