फ्री फायर गेम में 2800 हार गया था आठवीं क्लास का छात्र, पिता की डांट से बचने लगा ली फांसी

By: PalPal India News
August 1, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिमध्य प्रदेश के इंदौर में एक 13 वर्षीय छात्र ने गुरुवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में पता चला है कि छात्र ऑनलाइन फ्री फायर गेम में 2800 रुपये हार गया था। उसे डर था कि उसके घरवाले नाराज़ होकर उसे सज़ा देंगे। मृतक की पहचान एमआईजी इलाके के अनुराग नगर में रहने वाले छात्र अकालंक जैन (13 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके दादा ने उसे सबसे पहले फंदे पर लटका देखा। परिजनों ने तुरंत बेटे को नीचे उतारा और डीएनएस अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।

मां के क्रेडिट कार्ड से खेलता था गेम

बताया जा रहा है कि छात्र को मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलने की लत थी। इसकी वजह से वह 2800 रुपये हार गया था। वह मां के क्रेडिट कार्ड से गेम खेलता था। घटना के दौरान उसके कमरे में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था।

छात्र के पास था बिना सिम वाला मोबाइल

पुलिस के अनुसार, छात्र के पास बिना सिम वाला एक मोबाइल था, जो वाई-फाई से जुड़ा था। उसने अपनी मां के डेबिट कार्ड को गेमिंग आईडी से लिंक कर रखा था, जिसके ज़रिए पैसों का लेन-देन होता था। मां के क्रेडिट कार्ड से 2800 रुपये डेबिट हो गया था। अकलंक ने इसकी जानकारी मां को भी दी थी। बच्चे को डर था कि पिता अंकेश जैन उसे डाटेंगे। इसी डर के कारण बच्चे ने फांसी लगा ली।

छात्र एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता अंकेश जैन ऑटो पार्ट्स व्यवसायी हैं, जिनकी छोटी ग्वालटोली और देवास नाका पर दुकानें हैं। परिवार में उसका एक छोटा भाई भी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *