पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ जिला अस्पताल में एक ग्रामीण युवक की चोरी के संदेह में बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। बुजुर्ग के ऊपर जमकर लाठियां और घूंसे बरसाए गए, जिससे बुजुर्ग चेहरा और शरीर बुरी तरह जख्मी हो गया। यह दुखद घटना उस समय घटी जब युवक अस्पताल में भर्ती अपने किसी परिजन से मिलने आया था।
अस्पताल में मौजूद लोगों ने बताया की अचानक कुछ लोगों ने उस पर चोरी का आरोप लगाते हुए हमला बोल दिया। बिना किसी सबूत या जांच के, भीड़ ने उसे घेर लिया और जानवरों की तरह पिटाई शुरू कर दी। युवक दर्द से कराहता रहा और रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा। पिटाई के बाद जब युवक की तलाशी ली गई, तो उसकी जेब से महज दो रोटियां और नमक की एक छोटी-सी पुड़िया निकली। तलाशी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में ही भर्ती करना पड़ा।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई की खबर नहीं है। पीड़ित युवक को जिस तरह से पीटा गया और पीटने वाले अपने को समाज सुधारक बता रहे हैं। इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी हो और पीड़ित को न्याय मिले।