जबलपुर के रांझी इलाके में एक बुजुर्ग महिला से मारपीट,कार सवार दंपती ने सड़क पर लात, घूंसो और चप्पलों से की पिटाई

By: PalPal India News
April 3, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिजबलपुर के रांझी इलाके में एक बुजुर्ग महिला से मारपीट की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक प्रभात स्कूल के सामने रहने वाली 65 वर्षीय तुलसा साहू के साथ उनके पड़ोसी दंपती ने जमीन विवाद को लेकर मारपीट की। दोनों पक्षों ने घटना की शिकायत रांझी थाना में दर्ज कराई है। रांझी पुलिस के मुताबिक जमीन विवाद को लेकर एक दंपती ने बुजुर्ग महिला से मारपीट की है। घटना सोमवार 31 मार्च की है। महिला मंगलवार को जब मंदिर से घर की ओर लौट रही थी इस दौरान दंपती ने बीच रास्ते में अपनी कार महिला के सामने रोकी और उससे मारपीट की। आरोपी दंपती की पहचान आदित्य जैन के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग महिला का ग्यारह सौ वर्ग फुट का प्लॉट है। जिसमें उनके द्वारा एक हजार वर्ग फुट में मकान बनाया था। लगभग सौ फिट जमीन खाली रखी थी उसी पर पड़ोसी के द्वारा कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच सालों से विवाद चल रहा है। बुजुर्ग महिला का पति जुगराज साहू और बेटा शहर से बाहर रहता है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने मामले की शिकायत रांझी थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

बुजुर्ग महिला ने जो सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपे है उसमें दिखाई दे रहा है कि पड़ोसी दंपती ने जबरदस्ती बीच सड़क में महिला के सामने कार रोकी और आरोपी आदित्य ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला ने जब खुद को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने बुजुर्ग महिला को चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। बीच सड़क में घसीट और लात घूंसों से पीटता रहा। इस दौरान आरोपी के साथ मौजूद महिला ने भी बुजुर्ग के साथ मारपीट की। विवाद बढ़ता देख वहां मौजूद लोगों ने महिला का बीच बचाव किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *