पलपल इंडिया प्रतिनिधि। कर्नाटक के रामनगर जिले में स्थित टोयोटा बोशोकू फैक्ट्री में टॉयलेट में पाकिस्तान समर्थक नारे और कन्नड़ के खिलाफ लिखे जाने के मामले में जिला पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल यहां एक ऑटोमोबाइल कंपनी के टॉयलेट की दीवार पर पाकिस्तान के समर्थन में नारे लिखने की घटना सामने आई है। ये नारे और टिप्पणियां फैक्ट्री के शौचालय के अंदर दीवारों पर लिखी पाई गई हैं, जिसे सबसे पहले फैक्ट्री के कर्मचारियों ने देखा था।जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में शिकायत के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अहमद हुसैन और सादिक नाम के दो युवकों के रूप में की गई है।
दरअसल, ये पूरा मामला कर्नाटक के रामनगर में बिड़दी इलाके से सामने आया है। यहां टोयोटा ऑटोमोबाइल की फैक्ट्री में कंपनी के HR ने 15 मार्च को एक नोटिस लगाया था। इस नोटिस में फैक्ट्री के अंदर शौचालय की दीवार पर पाकिस्तान समर्थक नारे लिखे पाए जाने की बात कहते हुए कर्मचारियों से ऐसा करने से बचने की वार्निंग दी गई थी। नोटिस में लिखा था कि इस तरह की हरकतों के लिए गंभीर अनुशासनात्मक कार्रवाई और यहां तक कि कानूनी परिणाम भी हो सकते हैं।
बिदादी कस्बे की फैक्ट्री में 2,000 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं और यहां तीन शिफ्ट में 600 से अधिक कर्मचारी मौजूद रहते हैं। रविवार 16 मार्च को पहली शिफ्ट के दौरान कुछ कर्मचारियों ने शौचालय की दीवारों पर हरे रंग से कन्नड़ भाषा में “पाकिस्तान की जय” और कन्नड़ लोगों के खिलाफ अपमानजनक बातें लिखी थीं। कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन से शिकायत की तो उन्होंने पहले नोटिस लगाया, लेकिन जब कर्मचारी आक्रोशित हो गए तो पुलिस से शिकायत की
टॉयलेट में पाकिस्तान समर्थक नारे लिखे जाने के मामले में कंपनी की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच की और कंपनी में पिछले एक साल से कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे अहमद हुसैन और सादिक नाम के 2 युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा है कि इस मामले में उनकी जांच अभी भी जारी है और अधिक जानकारी इकट्ठा होने पर हम और अपडेट प्रदान करेंगे। आरोपी अनुबंध आधारित कर्मचारी थे जो पिछले एक साल से कंपनी में काम कर रहे थे। आईटी अधिनियम की धारा 67 के तहत, हमने उन अन्य लोगों की भी पहचान की है जिन्होंने इस सामग्री को फैलाने का प्रयास किया है और उसके आधार पर पुलिस नोटिस भेजा है। फिलहाल हमने भित्तिचित्र लिखने के लिए ज़िम्मेदार लोगों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया है।