बस की खिड़की से बाहर झांकते वक्त मासूम का कटा सिर, दर्दनाक मौत

By: PalPal India News
June 23, 2025

हाथरस. उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बारात की खुशी देखते ही देखते मातम में बदल गई. 11 साल का एक मासूम बच्चा बस में सवार होकर बारात में जा रहा था, लेकिन रास्ते में ऐसा हादसा हुआ कि पूरे गांव में मातम छा गया. घटना हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के केलोरा चौराहे की है. जानकारी के मुताबिक, बच्चा बारात में शामिल होने के लिए पूरे उत्साह के साथ बस में बैठा था. सफर के दौरान वह अपनी सीट से खिड़की के पास आया और बाहर का नजारा देखने के लिए सिर खिड़की से बाहर निकाल लिया. उसी वक्त सामने से तेज़ रफ्तार में आ रही एक पिकअप वैन ने बच्चे को टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भयानक थी कि बच्चे का सिर धड़ से अलग हो गया और बस में ही कुछ देर तक तड़पता रहा. बस में बैठे लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई. ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी. बारातियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बच्चे के चाचा सबसे पहले नीचे उतरे. जैसे ही उन्होंने सड़क पर पड़े मासूम का सिर देखा, उनके होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत अपने गमछे से सिर को ढक लिया और वहीं फूट-फूटकर रोने लगे. आसपास के लोग भी इस दिल दहला देने वाले मंजर को देखकर सन्न रह गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *