अनंत अंबानी ने पदयात्रा के दौरान 250 मुर्गियों की जान बचाई

By: PalPal India News
April 2, 2025

मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। इन दिनों वे जामनगर से द्वारका तक की पदयात्रा पर हैं, जिसका आज पांचवां दिन है। इस दौरान एक घटना ने सभी का ध्यान खींचा, जब उन्होंने बूचड़खाने ले जाई जा रही 250 मुर्गियों को बचाया।

जब अनंत अंबानी यात्रा के दौरान सोनारडी गांव के पास पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि एक गाड़ी में 250 मुर्गियों को बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। उन्होंने तुरंत अपने कर्मचारियों को गाड़ी रुकवाने को कहा और ड्राइवर व मालिक से बात की। अनंत ने सभी मुर्गियों को दुगुनी कीमत चुकाकर खरीदा और उन्हें आज़ाद कर दिया। इस दौरान वे एक मुर्गी को अपने हाथों में लिए हुए भी दिखे।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे X (ट्विटर) पर @News18Bihar नामक हैंडल से साझा किया गया है। अनंत अंबानी इस समय जामनगर से द्वारका तक की यात्रा कर रहे हैं। उनका जन्मदिन 10 अप्रैल को है, जिसे वे द्वारका में ही मनाने वाले हैं। दिलचस्प बात यह है कि वे रात के समय यात्रा करते हैं, ताकि सड़क पर लोगों को ट्रैफिक की परेशानी न हो।

बेजुबान जानवरों के प्रति उनका लगाव किसी से छिपा नहीं है। वे “वनतारा” नामक एक प्रोजेक्ट भी चला रहे हैं, जहां डेढ़ लाख से ज्यादा लुप्तप्राय और संकटग्रस्त जानवरों को संरक्षण दिया जाता है। इस घटना से एक बार फिर यह साबित हुआ कि अनंत अंबानी पशु प्रेमी हैं और उनकी भलाई के लिए हर संभव प्रयास करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *