पत्नी की इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने की आदत से नाराज होकर, पति ने कर दी पत्नी की हत्या, शव को लगाया ठिकाने

By: PalPal India News
April 3, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिबिहार के रोहतास जिले के बिक्रमगंज में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति पर आरोप लगा है कि उसने अपनी पत्नी की इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने की आदत से नाराज होकर उसकी हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगा दिया। नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में तनाव फैल गया और जमकर बवाल हुआ। मृतक ममता देवी बिक्रमगंज निवासी टीपू साह की पत्नी थी। हत्या के बाद शव को गायब करने की कोशिश की गई, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया। बुधवार सुबह जैसे ही मृतिका के मायके वालों को घटना की सूचना मिली, वे पूरे परिवार के साथ बिक्रमगंज पहुंचे।

सड़क जाम और पुलिस प्रशासन पर आरोप 

परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए बिक्रमगंज थाना के मुख्य गेट के पास आरा-सासाराम मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और आरोप लगा रहे थे कि पुलिस हत्यारे से मिली हुई है, जिसके चलते शव को गायब कर दिया गया। करीब दो घंटे तक चले इस सड़क जाम के कारण मुख्य सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई यात्री वाहन और लंबी दूरी के वाहन जाम में फंस गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई।

आपको बता दे मृतिका ममता देवी रोहतास जिले के राजपुर निवासी श्रीभगवान साह की 28 वर्षीय पुत्री थी। उसकी शादी 2014 में बिक्रमगंज निवासी कागा साह के पुत्र टीपू साह से हुई थी। मृतिका के दो बच्चे हैं, एक बेटा अंगद कुमार और एक बेटी दर्पण कुमारी। मृतिका के पिता श्रीभगवान साह, मां वसंती देवी ने बताया कि मंगलवार की रात टीपू साह ने फोन कर कहा कि ममता अब इस दुनिया में नहीं है। यह सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस कार्रवाई में जुटी 

थानाध्यक्ष ललन सिंह ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और मृतिका के पति को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *