हनीमून पर गया एक और नवविवाहित जोड़ा लापता, 1000 फीट गहरी खाई में गिर गया था वाहन

By: PalPal India News
June 9, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिमध्य प्रदेश के सोनम और राजा के बाद सिक्किम में हनीमून पर गया एक और नवविवाहित जोड़ा लापता हो गया है। कौशलेंद्र और अंकिता जिस वाहन में सवार थे, उसे खाई में गिरे 11 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है। दोनों के परिजन सर्च ऑपरेशन में तेजी लाने की मांग कर रहे हैं।

लालगंज तहसील क्षेत्र के राहाटीकर गांव के रहने वाले कौशलेंद्र और अंकिता हनीमून पर सिक्किम गए थे। दोनों जिस वाहन में सवार थे। वह 29 मई को हादसे का शिकार हो गया था और 1000 फीट गहरी खाई में गिर गया था। इस हादसे को 11 दिन हो चुके हैं, लेकिन दोनों की कोई खबर नहीं मिली है। इस वाहन में सवार दो लोगों का रेस्क्यू किया गया है। इनमें से एक सामान्य वार्ड और दूसरा आईसीयू वार्ड में भर्ती है। इन लोगों ने भी पुष्टि की है कि कौशलेंद्र और अंकिता इनके साथ ट्रैवलर में मौजूद थे।

अब तक नहीं मिला कोई सामान

सर्च ऑपरेशन में जुटी टीम को ट्रैवलर में सवार लोगों के कई सामान मिले हैं, लेकिन इनमें से कोई भी सामान कौशलेंद्र या अंकिता का नहीं है। कौशलेंद्र के पिता शेर बहादुर सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की है कि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जाए। उनका कहना है “अब तक जितने भी सामान, कपड़े, जूते, घड़ी, चश्मा, बैग निकाले गए हैं, उनमें से कोई भी मेरे बेटे या बहू का नहीं है। जब तक मैं उन्हें खोज नहीं लेता, सिक्किम नहीं छोड़ूंगा।” उन्होंने देशवासियों से भी भावनात्मक अपील की कि वे दंपति की सकुशल वापसी के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें।

5 मई को हुई थी शादी

परिजनों ने बताया कि कौशलेंद्र और अंकिता की शादी अभी 5 मई को ही हुई थी और दोनों 25 मई को हनीमून पर सिक्किम गए थे। पट्टी के छिवलहा गांव के रहने वाले अंकिता के पिता विजय सिंह डब्बू  भी सरकार से उम्मीद की आस लगाए बैठे हैं। विजय सिंह ने बताया कि 29 मई को बेटी से बात हुई थी और वह बहुत खुश थी, लेकिन इसके बाद  से ही वह गायब है। जिससे पूरे परिवार में मातम का माहौल है।हालांकि अभी भी उन्हें भगवान पर भरोसा है और अपनी बेटी और दामाद के सकुशल लौटने की उम्मीद जता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *