पलपल इंडिया प्रतिनिधि। राजा रघुवंशी की हत्या का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ कि अब जबलपुर से इसी तरह का एक मामला सामने आया है। यहां पत्नी ने पति के सिर पर हमला करके हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया। पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि मौत डूबने से हुई लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सच सामने आ गया। जब पुलिस ने इस मामले की जांच की और पत्नी से सख्ती से पूछताछ की तो पत्नी से अपना जुर्म कबूल किया।
जबलपुर की एक महिला ने भी इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसी ट्रिक अपनाई लेकिन सोनम की तरह जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गई। इस महिला ने अपने पति के सिर पर पत्थर से वार किया, जिससे पति की मौत हो गई। हत्या के बाद महिला ने पति का शव तालाब में फेंक दिया। पूछताछ में पुलिस को जब अरविंद की हत्या होने के सुराग मिले तो उसने मृतक की पत्नी गणेशी बाई से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में गणेशी बाई ने हत्या का जुर्म कबूला।
पूछताछ में आरोपी पत्नी ने बताया कि वह पति के साथ आए दिन होने वाले झगड़ों से तंग आ गई थी इसलिए उसने अपने पति अरविंद को मौत के घाट उतार दिया। अधारताल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।