‘माएरी’ में गुस्सैल बेटी के किरदार में नजर आएंगी अपूर्वा अरोड़ा

By: PalPal India News
April 23, 2025

अभिनेत्री अपूर्वा अरोड़ा अपनी अगली शॉर्ट फिल्म ‘माएरी’ में एक गुस्सैल लेकिन भावनात्मक रूप से जटिल किरदार में नजर आएंगी। फिल्म मां-बेटी के रिश्तों की गहराई और पीढ़ियों से चली आ रही भावनात्मक जटिलताओं को दर्शाती है। अपूर्वा के साथ इसमें अनुभवी अभिनेत्री सोनाली सचदेव भी मुख्य भूमिका में हैं, जो उनकी मां की भूमिका निभा रही हैं। यह दोनों अभिनेत्रियों का तीसरा सहयोग है, और इससे पहले भी ये “फैमिली आज कल” जैसी परियोजनाओं में साथ काम कर चुकी हैं। सोनाली के साथ अपने जुड़ाव पर बात करते हुए अपूर्वा ने कहा, “सोनाली जी मेरे लिए असल ज़िंदगी में भी मां जैसी हैं। उनके साथ काम करना हमेशा एक खास अनुभव होता है।”

फिल्म में अपने किरदार को लेकर अपूर्वा कहती हैं, “मैं एक गुस्सैल और शरारती लड़की की भूमिका निभा रही हूं। लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, दर्शकों को पता चलता है कि उस गुस्से के पीछे एक गहरा भावनात्मक कारण है।”

वो आगे बताती हैं कि ‘माएरी’ की कहानी केवल मां-बेटी के रिश्ते को नहीं, बल्कि उन संघर्षों को भी उजागर करती है जो बेटियां अपनी माताओं की गलतियों को न दोहराने की कोशिश में झेलती हैं। “हम चाहते हैं कि हम उनसे बेहतर करें, लेकिन अपने तरीके से — और यही टकराव इस फिल्म को सच्चा और भावुक बनाता है,” उन्होंने कहा। सोनाली के साथ फिर से काम करने पर अपूर्वा ने कहा, “हर बार जब हम मां-बेटी की जोड़ी निभाते हैं, अनुभव बिल्कुल नया होता है। हम किरदारों से इतर भी एक खास रिश्ता शेयर करते हैं। सीन्स पर चर्चा करना, उनके दृष्टिकोण से सीखना मेरे लिए प्रेरणादायक रहा है। इससे मुझे एक अभिनेता के तौर पर बहुत कुछ सीखने को मिला है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *