Apple के CEO टिम कुक ने दी होली की शुभकामनाएं, शेयर की खूबसूरत तस्वीर

By: PalPal India News
March 15, 2025

नई दिल्ली. रंगों के त्योहार होली की धूम दुनिया भर में देखी जा रही है। इस खास मौके पर Apple के CEO टिम कुक (Tim Cook) ने भी सोशल मीडिया पर सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारतीय फोटोग्राफर कुशाग्र तिवारी द्वारा खींची गई एक शानदार तस्वीर साझा की, जो iPhone से ली गई थी। यह तस्वीर होली के रंगों और उत्साह को खूबसूरती से दर्शाती है।

टिम कुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर लिखा, “होली मनाने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं! यह कुशाग्र तिवारी की खूबसूरत #ShotOniPhone तस्वीर की तरह ही आनंदमय और मज़ेदार हो।”

उन्होंने जो तस्वीर साझा की, उसमें एक महिला के हाथ में रंगों और फूलों से भरी थाली नजर आ रही है। चारों ओर उड़ते हुए रंग और गिरती हुई फूलों की पंखुड़ियां इस तस्वीर को और भी खास बना रही हैं।

यह पहली बार नहीं है जब टिम कुक ने होली के मौके पर इस तरह की पोस्ट साझा की है। पिछले साल भी उन्होंने भारतीय फोटोग्राफर जोशुआ कार्तिक की खींची गई एक होली की तस्वीर पोस्ट की थी। इससे पहले 2023 में उन्होंने अपेक्षा मेकर और गुरसिमरन बासरा द्वारा ली गई तस्वीरें साझा की थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *