नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा के सत्र से एक दिन पहले रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को विधायक दल का नेता चुना गया। कालकाजी से विधायक आतिशी अब दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में कार्य करेंगी। जानकारी के अनुसार, आतिशी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया है।
दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र 24 से 27 फरवरी तक आयोजित होगा, जिसमें 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर अवकाश रहेगा। इस सत्र के एजेंडे पर चर्चा करने के लिए विधायक दल की बैठक में अरविंद केजरीवाल सहित पार्टी के अन्य बड़े नेता भी शामिल हुए।
बैठक के बाद गोपाल राय ने कहा कि आतिशी को दिल्ली विधानसभा में विपक्ष का नेता बनाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि आतिशी ने चुनौतीपूर्ण समय में दिल्ली की जनता की सेवा की है और अब आम आदमी पार्टी एक रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी।
इस जिम्मेदारी के लिए आतिशी ने अरविंद केजरीवाल और विधायक दल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को विपक्ष की भूमिका दी है, और पार्टी इस जिम्मेदारी को पूरी तरह निभाएगी। आतिशी ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के लोगों से कई वादे किए हैं, और विपक्ष की भूमिका में रहते हुए पार्टी उन वादों को पूरा कराने का काम करेगी।